जोधपुर। जोधपुर शहर में शुक्रवार रात हुई करीब डेढ़ घंटे की बारिश ने शहर की ड्रेनेज सिस्टम और व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। कई घंटों बाद भी कई कॉलोनियों की मुख्य सड़कों पर पानी भरा है तो वही कई घरों में भी दो से 3 फीट पानी भर गया है। वही शास्त्री नगर क्षेत्र में एक मकान की बालकनी गिरने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पानी भराव वाले इलाके का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता अधिकारियों की टीम के साथ फील्ड में उतरे।
महिला की मौत
जोधपुर शहर के शास्त्री नगर डी सेक्टर में एक मकान में काम करने वाली जमुना देवी पर मकान की ही बालकनी गिर गई। इस घटना में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजन और समाज के लोग परिवार को सहायता की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने लगे।
कई कॉलोनियों में भरा पानी
बारिश के बाद जोधपुर शहर के जयपुर रोड पर कई कॉलोनियां जिनमें प्रेम विहार, सारण नगर की कुछ बस्तियां, केंट रेलवे स्टेशन के पीछे की बस्तियां हैं। खेतानाडी क्षेत्र और बीजेएस के रूप नगर में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डर्बी में प्रशासन अलर्ट
इधर मानसून सीजन में सबसे ज्यादा परेशानी डर्बी कॉलोनी में होती है। प्रशासन ने यहां पर एक्स्ट्रा मड पंप लगा दिया है जिससे कि पानी की निकासी सुगम हो सके।
जिला कलेक्टर भी उतरे फील्ड में
जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता भी अधिकारियों की टीम के साथ फील्ड में उतरे। सबसे पहले वे खेतानाडी पहुंचे और उसके पास बीजेएस क्षेत्र में जायजा लिया। कलेक्टर के निकलने के बाद स्थानीय लोगों ने वहां विरोध भी जताया।